फ्रैंज क़ॉफ्का का “Gregor Samsa हम सब हैं। फर्क सिर्फ इतना है , उसका खोल बाहर से दिखता था।” हमारा दिखता नहीं, बस इतना ही फर्क़ है.
सुबह के छः बजे थे।
ग्रेगर सामसा की आँख खुली।
कुछ गड़बड़ था।
पहले उसने सोचा — शायद करवट लेने में तकलीफ हो रही है। फिर देखा — छः पैर हैं। एंटीना है। पीठ पर कड़ा खोल है।
“ओह,” उसने सोचा। “मैं cockroach हो गया।”
एक पल रुका।
“Office का क्या होगा?”
________________________________________
यही फर्क है Gregor Samsa और बाकी लोगों में। आम आदमी cockroach बनता तो पहले चिल्लाता। फिर रोता। फिर दार्शनिक हो जाता।
Gregor सीधे practical हो गया। क्योंकि Gregor सामसा एक अच्छा employee था।
________________________________________
उसने किसी तरह laptop खोला। छः पैरों से typing मुश्किल थी, पर उसने practice की थी — आखिर पिछले आठ साल से reports लिख रहा था जिन्हें कोई पढ़ता नहीं था। उससे मुश्किल काम था वो।
उसने HR को mail लिखा:________________________________________
To: hr@firmname.com CC: manager@firmname.com Sub: Leave Application + WFH Request — Urgent
आदरणीय HR विभाग,
सादर प्रणाम।
मैं Gregor Samsa, Employee ID: GS-4107, Sales Department, आपको सूचित करना चाहता हूँ कि आज प्रातः काल मुझे एक अप्रत्याशित शारीरिक परिवर्तन का सामना करना पड़ा है।
विस्तृत विवरण: मैं एक विशालकाय कॉकरोच बन गया हूँ।
मैं समझता हूँ कि यह information कुछ असुविधाजनक हो सकती है। पर मैं यह भी बताना चाहता हूँ कि मेरी client files update हैं, Q3 report draft तैयार है, और मैं WFH के माध्यम से अपनी सभी ज़िम्मेदारियाँ निभाने में सक्षम हूँ।
Camera-off रखूँगा।
कृपया मेरी Medical Leave Policy के अंतर्गत इस transformation को cover किया जाए। यदि यह category में नहीं आता, तो Personal Reason Leave के रूप में process करें।
संलग्न: पिछले माह की attendance sheet (100% present)
आपका विश्वासपात्र,
Gregor Samsa “Always a team player.”
________________________________________
HR का auto-reply आया:
“Thank you for reaching out! We will get back to you within 5-7 working days. “
________________________________________
घर में हलचल मच गई।
माँ बेहोश हो गईं।
पिता ने newspaper उठाया — Gregor की तरफ फेंक कर मारा । पिता retired postal clerk थे। पर उनका निशाना कभी अच्छा नहीं था।
बहन Grete ने दरवाज़े के बाहर से कहा — “भैया, खाना रख दिया।”
Gregor ने देखा — रोटी और दाल।
पर अब वो cockroach था। उसे सड़ा हुआ खाना पसंद था।
यह transformation का सबसे unspoken tragedy था एक अनकही त्रासदी जो चीज़ें पहले अच्छी लगती थीं, वो अब नहीं लगतीं। और जो चीज़ें पहले घिनौनी लगती थीं — वो अब comfort देती हैं।
Gregor को यह बात बहुत familiar लगी।
Office में भी यही होता था।
________________________________________
पाँचवें दिन Manager का call आया।
“Samsa, कब आओगे?”
“Sir, मैं cockroach हो गया हूँ।”
“हाँ, वो सब ठीक है , पर deadline तो है।”
Gregor चुप रहा।
“देखो, हम सब challenges face करते हैं। Life में difficulties तो आती ही रहती हैं। पर professional और personal को कभी mix नहीं किया जाता।”
“Sir, यह personal नहीं है। यह प्रॉबलम “literally biological” है।”
“Samsa, अपनी attitude problem मत दिखाओ। इससे Team का morale down होता है।”
________________________________________
Manager ने बाद में HR को एक अपनी mail किया:
“Samsa is being difficult. Please note for appraisal.”
सैमसा मुश्किल खड़ी कर रहा है। कृपया मूल्यांकन के लिए इसे नोट कर लें।
________________________________________
दो हफ्ते बीते।
घर के लोग अब Gregor के कमरे में आते नहीं थे।
पिता काम पर लग गए थे — तीन किरायेदार घर में आ गए थे। Gregor की तनख्वाह बंद हो गयी थी , घर चलाने के लिये किराया चाहिए था।
बहन violin बजाती थी — Gregor को अच्छा लगता था। एक दिन वो दरवाज़ा खोल बाहर आ गया सुनने।
किरायेदारों ने देखा — चीख कर भागे।
पिता ने सेब फेंका। एक सेब पीठ में धँस गया।
वो घाव लगा जो कभी ठीक नहीं हुआ ।
________________________________________
बहन ने माँ से कहा — “यह Gregor नहीं है।”
माँ ने कहा — “पर है तो हमारा बच्चा।”
बहन ने कहा — “इसे जाना होगा।”
Gregor ने सुना।
उसने सोचा — शायद वो सही हैं।
यह Gregor Samsa का सबसे बड़ा दुर्भाग्य था — कि वो इतना अच्छा इंसान था कि cockroach बनने के बाद भी दूसरों की बात सही लगती थी।
उसने खाना बंद कर दिया।
एक सुबह — वो नहीं रहा।
सफाई वाली बाई ने झाड़ू से हटाया और dustbin में डाल दिया।
उसी सुबह HR का reply आया:
“Dear Gregor, regarding your leave application — please submit Form 7(B) along with a medical certificate from a registered practitioner. Transformation-related leaves fall under ‘Extraordinary Circumstances’ category. Please note: WFH is not applicable for employees with attendance below 85% this quarter.
Regards, HR Team “
________________________________________
परिवार उस दिन picnic पर गया।
बहन ने खिड़की से बाहर देखा — हरियाली थी, धूप थी।अब वो अपने मंगेतर को घर बुला सकती थी ।
उसने सोचा — अब ये नई शुरुआत है ।
________________________________________
काफ्का ने यह कहानी 1915 में लिखी थी।
उन्होंने कहा था — यह एक आदमी की कहानी है जो एक दिन कीड़ा बन जाता है।
पर असल में —यह उस आदमी की कहानी है जो पहले से ही कीड़ा था। घर के लिए। Office के लिए। System के लिए।
Cockroach बनना तो बस — दिखने लगा था ।
और यही तो साहित्य करता है — जो हम आईने में नहीं देख पाते, वो किताब में दिखा देता है।
रविकान्त राऊत
________________________________________
मेरी रचनायें पसंद आ रही होतो -मुझे फ़ॉलो ज़रुर करें
